पौडी—  आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० आशीष चौहान ने शनिवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

 

बैठक में उन्होंने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

गत दिवस देर शाम को आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी ने श्रीनगर व यमकेश्वर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, तथा यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेयजल संयोजन, प्याऊ, टंकियों की सफाई कर पांच दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा के लिए कोई भी कमी नहीं रहनी चाहिए।

 

यात्रा को समन्वित और प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 25 अप्रैल को श्रीनगर में रुद्रप्रयाग जिले के राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन श्रीनगर क्षेत्र में पेयजल, शौचालय, पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि यात्रियों के पहले जत्थे के स्वागत की विशेष व्यवस्था की जाए। इसके लिए उपजिलाधिकारी श्रीनगर व नगर निगम अधिकारियों को तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, श्रीनगर क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण संभावित यातायात अवरोध को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।

 

स्वास्थ्य विभाग को पूर्व की भांति यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों के पंजीकरण एवं वाहनों की जांच के लिए उपयुक्त स्थानों पर काउंटर स्थापित करने हेतु पर्यटन एवं पुलिस विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

See also  अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की समस्याओं पर संजय पाण्डे की पहल,,, रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था , सफाई सुधारने और मरीजों से शालीन व्यवहार करने के निर्देश,,,।

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह ने गरुड़चट्टी टोल को 50 मीटर पीछे हटाकर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी यमकेश्वर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

 

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल सहित परिवहन, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

You missed