
देहरादून— उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आज मूसलाधार बारिश के आसार है। मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक देहरादून और बागेश्वर में आज गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ तीव्र बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में धूप और बादलों की आंख मिचौली के बीच कहीं-कहीं तेज बारिश की भी संभावना हैं।
शनिवार को देहरादून में झमाझम बारिश हुई, लेकिन दोपहर को धूप खिलने से उमस ने बेहाल कर दिया। चटक धूप निकलने की वजह से ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि शाम के समय फिर से बादल छा गए।

बीते रोज की बात करें तो नैनीताल जनपद में कल रात 9:00 बजे से सुबह तक झमाझम बारिश हुई जिससे हल्द्वानी शहर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति भी बनी।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिन भर माध्यम से तीव्र बौछारों हुई, मसूरी में भी रिमझिम बारिश होती रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर होने की संभावना है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया है।
वहीं अगले कुछ दिनों में भी प्रदेश में भारी बारिश के आसार देखने को मिल सकते हैं। 4 और 5 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
