Spread the love

हल्द्वानी—  उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के प्रख्यात जननेता स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को मंडी परिसर, हल्द्वानी में उनकी प्रतिमा का अनावरण एवं स्व. नारायण दत्त तिवारी पार्क का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डा. अनिल कपूर डब्बू ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्व. तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें “विकास पुरुष” की संज्ञा को सार्थक बताया। उन्होंने कहा, *“तिवारी जी सच्चे जननायक थे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड—दोनों राज्यों के विकास को नई दिशा दी। उनका राजनीतिक दर्शन स्पष्ट था कि विकास की राजनीति ही सच्ची राजनीति है।”

डा. कपूर ने आगे कहा कि स्व. तिवारी जी का योगदान शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि मंडी परिषद किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में मंडी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए ठोस योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनसमूह ने उपस्थित होकर स्व. तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उन्हें विकास की राजनीति का अग्रदूत बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन गिरी गोस्वामी, दीपक बल्यूटिया सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने स्व. नारायण दत्त तिवारी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।

See also  सीएम हेल्पलाइन :- एक शिकायत से बदली स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था,,, पूरे उत्तराखंड में पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश जारी,,।

Spread the love

You missed