Spread the love

लालकुआँ – नैनीताल जिले में एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन–2025 अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालकुआँ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 350 नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद की है। टीम ने तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार (UP-14 BE-3059) को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी बृजमोहन राणा ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बहेड़ी, जनपद बरेली से एक सेंट्रो कार में तीन युवक भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर लालकुआँ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवंतिका मंदिर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी वाहन से कूदकर भागने लगे। टीम ने पीछा कर तीनों को मौके से दबोच लिया।

कार की तलाशी में पुलिस को 350 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी बाजार कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सकलेन पुत्र अब्दुल खालिद निवासी नूरीनगर बहेड़ी, मोहम्मद फरमान पुत्र एजाज अहमद निवासी मोहल्ला तलपुरा थाना बहेड़ी, और मोहम्मद कैफ पुत्र सरताज निवासी लाइनपार नूरीनगर बहेड़ी के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कुहाड़ापीर, बरेली निवासी हर्षित से ये इंजेक्शन खरीदकर लाते थे और फिर हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने मुख्य सप्लायर हर्षित की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है।

See also  2027 में मुश्किल हो जाएगा” बयान पर बंशीधर भगत ने दी सफाई_ मोदी जी और सरकार के बारे में कोई ऐसी बात नहीं कही,,,,,।

कोतवाल राणा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी राजेश जोशी, हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज शंकर नयाल, तथा पुलिस कर्मी गुरमेज सिंह, उमेश गिरी, भूपेंद्र जेष्ठा, अरुण राठौर आदि शामिल रहे।


Spread the love