नैनीताल–   दिवाली से पहले नैनीताल पुलिस ने 250 लोगों को ऐसी खुशी दी, जिसकी उन्हें लंबे समय से उम्मीद थी। खोए और चोरी हुए 250 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।

अपने खोए हुए फोन हाथों में आते ही लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।

Advertisement

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मोबाइल रिकवरी सेल ने जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक मोबाइल ऐप, CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से यह सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55.25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक सहित कई राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें 7 आईफोन, 40 सैमसंग, 58 ओप्पो, 45 वीवो, 23 रेडमी, 19 रियलमी और 13 वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 250 मोबाइल शामिल हैं।

इस कार्रवाई में मोबाइल रिकवरी सेल की प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और रामचंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। दिवाली से पहले नैनीताल पुलिस की इस पहल ने 250 परिवारों की खुशियों में चार चांद लगा दिए।

You missed