चमोली— उत्तराखंड के चमोली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले एक छात्र-छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों देर शाम से लापता थे, और सुबह उनके शव गांव के मेला मैदान में लटके मिले।

ग्राम प्रधान के मुताबिक, सुनील और रिया देर शाम से घर नहीं लौटे थे। रातभर ग्रामीणों ने गांव और आसपास के जंगलों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने मेला मैदान के मंच की रेलिंग से दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतकों की पहचान सुनील और रिया के रूप में हुई है। दोनों के घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताए गए हैं।
सूचना मिलते ही नंदानगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों की मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुनील और रिया के बीच दोस्ती थी और दोनों अक्सर साथ स्कूल आते-जाते थे। दोनों की दोस्ती को लेकर कुछ लोग उन्हें ताने भी मारते थे। हालांकि, इन बातों का उनकी मौत से सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

