Spread the love

देहरादून—   प्रदेश के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल तथा कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक देहरादून में उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (यूसीडीएफ) एवं प्रदेश के दुग्ध संघों में ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) प्रणाली का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर यूसीडीएफ और टाटा कंज्यूमर्स प्रा. लि. के बीच बद्री गाय घी एवं पहाड़ी घी के विपणन हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से ‘आंचल’ ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चारा एफपीओ को सम्मानित किया गया। वहीं दुग्ध संघ समिति हल्द्वानी हरिपुर जमन सिंह ग्रामीण क्षेत्र की तीन प्रगतिशील महिला दुग्ध उत्पादकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर 25 हजार, 15 हजार तथा 10 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा हरिद्वार और उत्तरकाशी दुग्ध संघों को भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में औसत दैनिक दुग्ध उपार्जन 2.37 लाख लीटर रहा, जबकि अधिकतम 2.97 लाख लीटर प्रतिदिन दर्ज किया गया। आगामी वर्ष के लिए 3.25 लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने दुग्ध मूल्य भुगतान 14 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने तथा दुग्ध संघों को अपने लाभ का कम से कम 20 प्रतिशत सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि ईआरपी प्रणाली लागू होने से दुग्ध उपार्जन, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। इससे दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान, गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी सेवाओं की बेहतर उपलब्धता और योजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। उन्होंने बताया कि अगले छह माह में सभी दुग्ध संघों में ईआरपी प्रणाली लागू कर दी जाएगी।

See also  राहुल गांधी का केंद्र पर हमला :- महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बदलना चाहती थी सरकार,,,,,।

टाटा कंज्यूमर्स के साथ हुए अनुबंध को उन्होंने डेयरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे ‘आंचल’ ब्रांड की वैल्यू बढ़ेगी और उत्पादों की बाजार पहुंच का विस्तार होगा, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
इसके अतिरिक्त पांच नए बद्री गाय ग्रोथ सेंटर स्थापित करने और ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में दुग्ध चूर्ण एवं आइसक्रीम संयंत्र लगाने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में आइसक्रीम ई-पुश कार्ट का लोकार्पण किया गया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने डेयरी विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए टाटा कंज्यूमर्स के साथ हुए समझौते को दूरदर्शी पहल बताया और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव डेयरी सुरेश चन्द्र जोशी, उपसचिव महावीर सिंह परमार, विभिन्न दुग्ध संघों के अध्यक्ष, प्रबंधक/प्रधान प्रबंधक तथा यूसीडीएफ के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, लालकुआं आंचल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट , गोविंद सिंह मेहता , सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी , प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू , एफओ शांति कोरंगा सहित कई गणमान्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


Spread the love