हल्द्वानी – एमबीपीजी कॉलेज परिसर मंगलवार को अखाड़ा बन गया, जब छात्र संघ चुनाव के दौरान निकाले गए जुलूस में दो गुट आपस में भिड़ गए। कहासुनी के बाद हालात बेकाबू हो गए और जमकर लात-घूंसे चले।

इस बीच एक गुट ने दूसरे गुट के छात्र विशाल चौधरी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए छात्र कक्षा में घुसा, लेकिन वहां भी भीड़ ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और मारपीट जारी रखी। कॉलेज परिसर में करीब दो घंटे तक अराजकता का माहौल रहा, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

Advertisement

घटना मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उस समय हुई, जब एबीवीपी समर्थित अध्यक्ष पद प्रत्याशी अभिषेक गोस्वामी और निर्दलीय प्रत्याशी कमल बोरा अपने-अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान दोनों गुट बास्केटबॉल मैदान के पास आमने-सामने आ गए और कहासुनी हाथापाई में बदल गई।

हंगामा बढ़ने पर जुलूस में शामिल छात्र-छात्राओं ने भागकर जान बचाई। एबीवीपी समर्थित प्रत्याशी का आरोप है कि प्रतिद्वंदी गुट के साथ कई बाहरी लोग भी शामिल थे, जिन्होंने जानबूझकर कॉलेज का माहौल खराब किया।

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा के इंतजामों पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

You missed