देहरादून— छात्राओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के कथित दोहरे रवैये के विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भाजपा महानगर कार्यालय, देहरादून से कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक विशाल धरना-प्रदर्शन कर घेराव किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजम द्वारा छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले और उनके निलंबन प्रकरण पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की गई।

इस अवसर पर श्रीमती रुचि भट्ट ने कहा, “महिला सशक्तीकरण केवल मंचों से बड़े-बड़े नारे लगाने, पोस्टर बनाने और राजनीतिक अभियान चलाने का विषय नहीं है।
इसकी असली परीक्षा तब होती है, जब महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा तथा न्याय का सवाल सामने आता है। ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ और ‘स्मैश पैट्रिआर्की’ जैसे नारों के माध्यम से महिला अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस को आज यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्राओं के सम्मान से जुड़े इस गंभीर प्रकरण पर उसका रुख क्या है?”
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करना और वास्तविक परिस्थितियों में उनके साथ खड़े होना दोनों अलग-अलग बातें हैं। यदि महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार प्रतिक्रिया दी जाती है, तो महिला सशक्तीकरण के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
श्रीमती भट्ट ने आगे कहा, “हमारी बेटियां देश का भविष्य हैं। उनके सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। किसी भी मामले में आरोपों की निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। महिला सम्मान के विषय पर चुप्पी या चयनात्मक प्रतिक्रिया समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े करती है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं और बेटियों के अधिकारों, सुरक्षा तथा सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। पूरे देश की राजधानियों में इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
