उत्तराखंड– ब्रह्म पुराण के अनुसार – उचित काल, उचित स्थान तथा उचित विधि से पितरों के निमित्त ब्राह्मणों को श्रद्धापूर्वक जो कुछ अर्पित किया जाता है, उसे श्राद्ध कहा जाता है। श्राद्ध एवं तर्पण के माध्यम से पितरों के निमित्त जल, अन्न तथा पिण्ड आदि अर्पित किए जाते हैं। पिण्ड रूप में दिया गया भोजन श्राद्ध का अहम हिस्सा होता है।
श्राद्ध केवल एक कर्मकांड नहीं, बल्कि अपने दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और कृतज्ञता प्रकट करने का पवित्र अवसर है। तिल, चावल, जौ आदि को अधिक महत्व दिया जाता है। श्राद्ध में तिल और कुशा का सर्वाधिक महत्व होता है।
यदि पितरं रुष्ट हो जाएं तो मनुष्य को जीवन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पितरों की अशांति के कारण धन हानि और संतान पक्ष से समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। संतान-हीनता के मामलों में पितृ दोष को अवश्य देखना चाहिए। ऐसे लोगों को पितृ पक्ष के दौरान तर्पण श्राद्ध अवश्य करना चाहिए।
→ श्राद्ध का किसे अधिकार है ?-
परंपरानुसार श्राद्ध का अधिकार पुत्र, पौत्र, प्रपौत्र तथा भाई आदि को होता है। परिस्थितियों और परिवार की परंपरा के अनुसार अन्य योग्य परिजन भी श्राद्ध-कर्म कर सकते हैं।
→ कौए को अन्न क्यों दिया जाता है ?-
हिन्दू धार्मिक परंपरा में कौए को पितरों का प्रतीक माना गया है। श्राद्ध के समय भोजन का एक अंश कौए के लिए निकाला जाता है। अगर उन्हें श्राद्ध नहीं मिलता तो वे रुष्ट हो जाते हैं। इस कारण श्राद्ध का प्रथम अंश कौओं को दिया जाता है।
→ किस तिथि में करना चाहिए श्राद्ध ?-
सरल शब्दों में – जिस तिथि को किसी परिजन का देहावसान हुआ हो, पितृपक्ष में उसी तिथि को उनका श्राद्ध किया जाता है। यदि मृत्यु प्रतिपदा को हुई हो तो श्राद्ध प्रतिपदा के दिन किया जाता है। इसी प्रकार अन्य तिथियों में भी ऐसा ही किया जाता है।
→ कुछ विशेष परिस्थितियों में श्राद्ध-
– मृत्यु-तिथि ज्ञात न हो – पिता के लिए अष्टमी, माता के लिए नवमी।
– अकाल अथवा असामयिक मृत्यु – चतुर्दशी।
– साधु एवं संन्यासी – द्वादशी।
– तिथि ज्ञात न हो – अमावस्या (सर्वपितृ श्राद्ध)।
अतः पितृपक्ष केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों को स्मरण करने, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और परिवार की सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर है।
“श्रद्धया दीयते इति श्राद्धम्।”
अर्थात् – श्रद्धा से किया गया अर्पण ही श्राद्ध है।
