हल्द्वानी- पिकअप ने ढाई साल के मासूम को कुचला, जमकर हुआ हंगामा……

हल्द्वानी- हल्द्वानी में रेत से भरी पिकअप बैक करने के दौरान वाहन की चपेट में आने से ढाई साल के मासूम की मौत हो गई। चालक के वाहन छोड़कर फरार होने के बाद परिजनों ने घटनास्थल पर शव रखकर हंगामा किया। आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है। बैदीरपुर अतरौली अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी संदीप और उनकी पत्नी गौला नदी में मजदूरी करती हैं। वह पत्नी, दो बेटियों और दो बेटों के साथ बरेली रोड पर तीनपानी स्थित नईम धर्मकांटे के पास रहते हैं।

बताते हैं कि बृहस्पतिवार सुबह परिवार के सभी सदस्य गौला नदी चले गए। सुबह 8:30 बजे संदीप का सबसे छोटा लड़का गणेश धर्मकांटे के पास खेल रहा था। तभी रेत से भरी पिकअप वहां तौल के लिए पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तौल के बाद चालक पिकअप को बैक करने लगा और गणेश पिकअप की चपेट में आ गया। पिकअप का पहिया सिर पर चढ़ने से बच्चे की मौत हो गई। लोगों के शोर करने पर चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।