काशीपुर – प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को काशीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले होटल में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों से आए प्रबुद्ध जनों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर से उनका गहरा लगाव है और यहां संवाद के माध्यम से समाज के बीच चल रही गतिविधियों व विचारों को जानने का अवसर मिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस प्रकार के प्रबुद्ध जन सम्मेलन राज्य के अन्य हिस्सों में भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे सरकार की नीतियों को और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

Advertisement

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है। सभी अधिकारी ग्राउंड जीरो पर जाकर राहत और सहायता कार्य में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जिन परिवारों ने आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है या जिनका सबकुछ बर्बाद हो गया है, उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी।

रोडवेज बस अड्डा और सड़कें होंगी गड्ढा मुक्त
काशीपुर में रोडवेज बस अड्डा बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, बरसात के बाद प्रदेशभर की गड्ढायुक्त सड़कों को 15 सितंबर के बाद गड्ढा मुक्त करने का कार्य शुरू किया जाएगा।

शहीदी नगर कीर्तन में करेंगे सहभागिता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सिख समाज के नौवें गुरु गुरु तेगबहादुर जी और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन में शामिल होंगे। यह नगर कीर्तन असम से शुरू होकर करीब 2500 किमी की यात्रा तय कर काशीपुर के बड़े गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पहुंचा है।

See also  त्योहारों से पहले बिंदुखत्ता की छह दुग्ध समितियों को 42.46 लाख रुपये का बोनस,, पशुपालकों के चेहरों पर खिली मुस्कान,,।

विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष आपदा पीड़ितों पर सकारात्मक चर्चा करने से बचता रहा और केवल राजनीतिक हंगामा करता रहा। सरकार का प्रयास है कि आपदा प्रभावितों को हरसंभव राहत और सहायता मिले तथा प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाया जाए।

You missed