Spread the love

हल्द्वानी—   मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए 20 से अधिक अवैध पक्के निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में की गई। प्रशासन के मुताबिक नालों पर हुए अवैध कब्जों के कारण बरसात में पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे आसपास की सड़कें जलमग्न हो जाती थीं और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया था, लेकिन तय समय के भीतर निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद शनिवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के सभी नालों, नालियों और सरकारी भूमि को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

See also  हरिद्वार में दो साधुओं की हत्या,,,, जंगल में दबे मिले शव,, मुख्य पुजारी समेत संदिग्धों की तलाश।

Spread the love

You missed