Spread the love

कोटद्वार—   अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने श्री सिद्धबली मंदिर के प्रवेश द्वार के समीप स्थित अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रसाद एवं अन्य सामान बेचने वाले दुकानदारों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

गुरुवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की टीम मंदिर के प्रवेश द्वार पर पहुंची और दुकानदारों को एक घंटे के भीतर झोपड़ियां एवं अन्य सामान हटाने के निर्देश दिए। चेतावनी के बाद दुकानदार अपने सामान को हटाने में जुट गए।

इसके बाद टीम ने बुलडोजर की सहायता से कुछ अस्थायी दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि संबंधित भूमि लोक निर्माण विभाग की है। सड़क किनारे दुकानें लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिसके चलते कार्रवाई की गई।

वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन छोटे व्यापारियों को निशाना बना रहा है, जबकि स्थायी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

उनका कहना है कि वे वर्षों से छोटी-छोटी दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।


Spread the love

You missed