पौडी—  भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को पौड़ी जिले की नवनियुक्त जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।

उन्होंने कोषागार स्थित डबल लॉक में पहुंचकर संबंधित पंजिकाओं का अवलोकन किया और औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

Advertisement

2012 बैच की आईएएस अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छत्तीसगढ़ कैडर से की थी और वर्ष 2015 में वह उत्तराखंड कैडर में स्थानांतरित हुईं।

उत्तराखंड में उन्होंने मसूरी और देहरादून में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्य किया, जबकि वर्ष 2018 से 2021 तक वह चमोली जिले की जिलाधिकारी रही हैं। चमोली में तैनाती के दौरान उन्होंने 2021 में ग्लेशियर आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों का सफल नेतृत्व किया, जिसकी सराहना राष्ट्रीय स्तर पर की गयी।

स्वच्छ गंगा मिशन के तहत ‘नमामि गंगे’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उन्हें वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व वह अपर सचिव राज्यपाल, सचिव तकनीकी शिक्षा, निदेशक भाषा संस्थान, सचिव हिन्दी अकादमी, परियोजना निदेशक उत्तराखंड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड, सिंचाई विभाग एवं मिशन निदेशक एनएचएम जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही थी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद, तहसीलदार दीवान सिंह राणा सहित अन्य उपस्थित थे।

You missed