Spread the love

हल्द्वानी—-  दीपावली के अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा “ज्ञान का दीप जलाओ” अभियान के अंतर्गत पूरे उत्तराखंड में निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय के पंतनगर, हल्द्वानी, देहरादून, अल्मोड़ा, कर्णप्रयाग सहित सभी क्षेत्रीय एवं अध्ययन केंद्रों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक हजारों विद्यार्थी एवं नागरिक इन आयोजनों से लाभान्वित हुए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा यह पहल उन पुस्तकों के उपयोग हेतु की गई है जो पुराने पाठ्यक्रमों में शामिल थीं किंतु शैक्षणिक दृष्टि से अब भी अत्यंत उपयोगी हैं।

इन पुस्तकों का बाजार मूल्य हजारों रुपए तक है, जिन्हें विश्वविद्यालय निशुल्क उपलब्ध करा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग अपने ज्ञान, शिक्षण और जीवन विकास में लाभ प्राप्त कर सकें।

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने धनतेरस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि “ज्ञान का दीप जलाना” विश्वविद्यालय का सतत प्रयास रहेगा।

उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी माह तक विभिन्न केंद्रों पर जारी रहेगा तथा विश्वविद्यालय स्थापना दिवस (30-31 अक्टूबर) पर आयोजित “उत्तराखंड की भाषाओं” विषयक सेमिनार और पुस्तक मेले में भी निशुल्क पुस्तक वितरण किया जाएगा।

यह अनूठा अभियान न केवल शिक्षा के प्रसार की दिशा में सार्थक कदम है, बल्कि यह उन विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए भी वरदान साबित हो रहा है जो आर्थिक कारणों से पुस्तकें नहीं खरीद पाते।


Spread the love

You missed