कोटद्वार—  लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत सुखरो बीट के कक्ष संख्या-2 में लकड़ी लेने गए एक वृद्ध की हाथी के हमले में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वृद्ध का शव बरामद कर लिया।

मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि मूलरूप से कांडाखाल और हाल में शिवपुर निवासी बृजमोहन (70) पुत्र पंचम सिंह रविवार सुबह अपने पड़ोसी हेमेंद्र सिंह के साथ सुखरो बीट के जंगल में लकड़ी लेने गए थे।

Advertisement

इस दौरान अचानक ही हाथी से आमना-सामना हो गया।हेमेंद्र और बृजमोहन अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। हेमेंद्र सिंह भागकर किसी तरह घर पहुंच गया। उसने बृजमोहन के बारे में जानकारी ली।

काफी देर बाद भी उसके घर न पहुंचने पर हेमेंद्र ने बृजमोहन के परिजनों को घटना की जानकारी दी।परिजनों की सूचना पर वनकर्मी जंगल में वृद्ध की तलाश करने पहुंचे।

काफी खोजबीन के बाद सुखरो बीट के कक्ष संख्या-2 में बृजमोहन का शव बरामद हुआ। हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला था। उन्होंने बताया कि परिजनों को अग्रिम मुआवजा राशि के तौर पर तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। अवशेष सात लाख रुपये की मुआवजा राशि पोस्टमार्टम के बाद प्रदान की जाएगी।

Advertisement

You missed