Spread the love

हल्द्वानी—-   शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चला दिया। गुरुवार को ऊंचापुल क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत दो अवैध इमारतों को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार ये भवन सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग की भूमि पर बने हुए थे और लंबे समय से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आ रहे थे। कई बार नोटिस देने के बावजूद भवन स्वामियों द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और एसडीएम प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में पोकलेन मशीन ने दोनों भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

प्रशासन ने बताया कि शहर में पिछले एक वर्ष से सड़क और प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी योजना के तहत कालाढूंगी स्टेट हाइवे पर कटघरिया से कालु सिद्ध मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम प्रस्तावित है।

ऊंचापुल क्षेत्र में बने ये दोनों भवन इसी परियोजना में बाधा बन रहे थे। अधिकारियों के अनुसार जुलाई 2025 से अब तक कई बार नोटिस जारी किए गए थे और भवन स्वामियों ने 7 मार्च तक स्वयं निर्माण हटाने का लिखित आश्वासन भी दिया था। लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।

See also  जिस रास्ते पर था गांव का हक,,, वहां खड़ी कर दी दीवारें ,, HC में पहुचा मामला ,, बदल गई तस्वीर,,,,

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Spread the love