Spread the love

कालाढूंगी—  छोटी हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में दो नई शराब की दुकानों के खुलने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि क्षेत्र आज बेरोज़गारी, जर्जर सड़कों, पेयजल संकट, जल जीवन मिशन की अव्यवस्थाओं, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की कमी और बढ़ते महिला अपराध जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता जनहित के मुद्दों को सुलझाने के बजाय शराब की दुकानें खोलना बन गई है।

तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार “सरकार जनता के द्वार” का नारा तो देती है, लेकिन महीनों से स्थानीय लोगों द्वारा शराब की दुकानों का विरोध किए जाने के बावजूद उनकी आवाज़ को अनसुना किया गया। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं, युवा और बुजुर्ग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए, तब जाकर जनप्रतिनिधियों की नींद खुली।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार और जनप्रतिनिधि जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति उतने ही संवेदनशील होते, जितने अपनी राजनीतिक छवि को लेकर हैं, तो कालाढूंगी विकास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता था।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं जनता के इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। उनका कहना है कि कालाढूंगी को नशे और उससे जुड़ी अनैतिक गतिविधियों की नहीं, बल्कि विकास, रोजगार के अवसर, महिला सुरक्षा और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों और अवैध नशे के खिलाफ जनता की आवाज़ को कांग्रेस लगातार मजबूती से उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

See also  दफन हुए सवालों का जवाब , अब निकलेगा कब्र से ,,, नैनीताल हाईकोर्ट का बड़ा आदेश,,।

Spread the love