Spread the love

नैनीताल—   विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के पावन धाम कैंची धाम में 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए धाम पहुंच रहे हैं। सोमवार सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर ‘जय बाबा की’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा।

स्थापना दिवस की शुरुआत प्रातः पांच बजे बाबा को मालपुए का भोग अर्पित करने के साथ हुई। रातभर कतारों में खड़े श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए क्रमवार प्रवेश कराया गया।

सुबह छह बजे तक दस हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे, जबकि सुबह दस बजे तक यह संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई। श्रद्धालुओं को मंदिर समिति की ओर से बाबा का प्रिय मालपुआ प्रसाद वितरित किया जा रहा है।

इस वर्ष अमेरिका से पहली बार कैंची धाम पहुंचे भक्त मैक्स विलियम्स श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

मैक्स ने बताया कि वर्ष 2020 में रामदास जी के प्रवचनों और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित होकर उनका जीवन बाबा नीब करौरी महाराज की भक्ति और सेवा से जुड़ गया। उन्होंने कहा कि कैंची धाम पहुंचकर उन्हें अद्भुत शांति और आत्मिक संतोष का अनुभव हुआ।

भावुक होते हुए मैक्स ने कहा, “जैसे ही मैंने इस पावन भूमि पर कदम रखा, मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो स्वयं बाबा ने मुझे अपने घर वापस बुला लिया हो।” उन्होंने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद नैनीताल पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

See also  जमरानी बांध प्रभावितों का फूटा गुस्सा,,, एक माह का दिया अल्टीमेटम,,,।

स्थापना दिवस को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं कैंची धाम में डेरा डालकर व्यवस्थाओं की निगरानी की, जबकि कमिश्नर दीपक रावत और आईजी निवेदिता कुकरेती सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात तक मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री बल के जवान तैनात किए गए हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में 3 एसपी/एसएसपी, 7 एडिशनल एसपी, 14 सीओ, एलआईयू, बीडीएस, एसडीआरएफ, एटीएस तथा एसएसबी की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है तथा विभिन्न स्थानों से शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।


Spread the love

You missed