Spread the love

हल्द्वानी—   12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में भव्य जनपद स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आयुष विभाग के विशेषज्ञों के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा तनाव प्रबंधन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि आज की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए निकालने की अपील की।

कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, आयुष विभाग की टीम, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, अग्निशमन इकाइयों और पुलिस लाइंस में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।


Spread the love