हल्द्वानी,—- बाहर से देखने पर वाहन पूरी तरह खाली नजर आ रहा था, लेकिन वन विभाग की पैनी नजर से तस्करों की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं छिप सकी।
वाहन के अंदर गुप्त रूप से बनाए गए केबिनों में अवैध लीसा (रेजिन) छिपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पूरा खेल सामने आया और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
नैनीताल वन प्रभाग की टीम ने अवैध लीसा के परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत 27 जुलाई 2026 की रात मनोरा रेंज के रानीबाग बैरियर पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान वाहन संख्या UK 18 CA 4432 को रोककर तलाशी ली गई।
पहली नजर में वाहन खाली दिखाई दे रहा था, लेकिन अधिकारियों को संदेह होने पर जब गहन जांच की गई तो वाहन के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त केबिन मिले। इन केबिनों की तलाशी लेने पर 270 टिन अवैध लीसा बरामद हुआ।
वन विभाग ने मौके पर ही अवैध लीसा और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
वन विभाग का कहना है कि अवैध वन उपज के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
