कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही जीएमओयू की बस दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिरी,,।

उत्तराखंड—  कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही जीएमओयू की एक बस बुधवार को दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई।

बस में चालक समेत कुल 30 लोग सवार थे। हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि किसी को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की बस बुधवार दोपहर एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया।

इससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर ढलान होने के कारण बस पीछे की ओर खिसकने लगी और चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क के बाईं ओर खाई में जा गिरी।

बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा और गुमखाल चौकियों के साथ ही लैंसडौन कोतवाली से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।