हल्द्वानी– आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में स्थापित EVM/VVPAT वेयरहाउस का मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि जनपद में उपलब्ध कुल 1541 बैलेट यूनिट (BU), 2716 कंट्रोल यूनिट (CU) और 2224 वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग-FLC) 23 अक्टूबर 2026 से प्रारम्भ होगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि FLC की तैयारी के लिए आज राजनीतिक दलों के समक्ष वेयरहाउस हॉल को खोला गया है। हॉल जो लंबे समय से बंद रखा जाता है, उसमें FLC टीम के बैठने की व्यवस्था, सफाई एवं अन्य आवश्यक तैयारियां की जानी हैं।
उन्होंने बताया कि FLC की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ECIL) के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम द्वारा की जायेगी। इस दौरान प्रत्येक मशीन की कार्यक्षमता की जांच की जायेगी, खराब पाई जाने वाली मशीन को तत्काल रिजेक्ट कर दिया जायेगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 10 से 12 दिन का समय लगेगा।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, भाजपा, कांग्रेस, बसपा आदि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
