मोटाढाक–   मोटाढाक स्थित जनता इंटर कॉलेज में आयोजित 13वें शहीद मुकेश बिष्ट मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एमकेवीएन और कॉन्वेंट के बीच खेला गया। फाइनल का उद्घाटन महावीर सिंह बिष्ट और विनोद पंत ने किया।

कॉन्वेंट ने पहले हाफ में 1-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में एमकेवीएन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शानदार वापसी की और 3-1 से मुकाबला जीतकर पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में मेहरबान नेगी और तरुण इष्टवाल ने शानदार कमेंट्री की।

विजेता टीम को ट्रॉफी पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने और 13,000 रुपये की धनराशि गिरीराज सिंह रावत ने प्रदान की। उपविजेता टीम को ट्रॉफी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच सुनील रावत और पूर्व सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत ने और 6,000 रुपये की धनराशि प्रदान की।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में बाल भारती पब्लिक स्कूल के रौनक को 8 गोल के साथ गोल्डन बूट मिला। एमकेवीएन के समर्थ बिष्ट को उदीयमान खिलाड़ी, आयुष बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और दिव्यांशु नेगी को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

आयोजन समिति के सिद्धार्थ रावत ने बताया कि इस टूर्नामेंट में कुल 25 टीमों ने प्रतिभाग किया था और एमकेवीएन पहली बार चैंपियन बनी है।

You missed