कोटद्वार/लैंसडौन– लैंसडौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमखाल-द्वारीखाल मार्ग पर मथगांव के पास बृहस्पतिवार को एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को थाने में सूचना मिली कि गुमखाल से द्वारीखाल की ओर जा रही एक कार मथगांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में गिर गई है। सूचना पर थाने और गुमखाल चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
कार में चार लोग सवार थे। इनकी पहचान गिरीश चंद्र और सुरेश कंडवाल निवासी सत्तीचौड़, संतोष ध्यानी निवासी देवरामपुर और प्रमोद कुमार निवासी लालपुर, कोटद्वार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को कार से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने घायलों को गुमखाल के बंगाली चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार दिलाया, जिसके बाद सभी को कोटद्वार स्थित उनके घर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार का स्टीयरिंग अचानक लॉक होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे यह हादसा हुआ। सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।
