नैनीताल– विगत दिवस दिवंगत हुए दो राज्य आंदोलनकारियों स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल(पूर्व विधायक) तथा स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी “लच्छू दा” के सम्मान में डीएसए मैदान में आयोजित राज्य स्थापना दिवस सादगी से मनाया गया।
दिवंगत दोनों राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में राज्य स्थापना दिवस का कार्यक्रम पूरी सादगी के साथ आयोजित किया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही राज्य आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक बलिदान एवम् योगदान का भी स्मरण किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि दोनों दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लेते हुए स्वर्गीय लोहनी जी एवं जंतवाल जी के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम व नौकायन प्रतियोगिता निरस्त कर दिए गए हैं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
राज्य स्थापना के बाद से अब तक सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के विकास के लिए कुछ न कुछ योगदान अवश्य दिया है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा हर क्षेत्र में राज्य नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन करने के लिए पर्याप्त समय दिया और उत्पादों की जानकारी भी ली।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना करते हुए स्वयं भी उत्पादों की खरीदारी की तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम से पूर्व सांसद अजय भट्ट तथा दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, चेयरमैन सरस्वती खेतवाल, दर्ज़ा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी सहित राज्य आंदोलनकारियों ने ज़ू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीद राज्य आंदोलनकारियों श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट तथा दिनेश आर्य ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का उत्तराखंड राज्य निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी राज्य आंदोलनकारी हमारे भाई हैं और हमारे आदर्श हैं। उनके सम्मान और समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है।
इस दौरन विधायक सरिता आर्या, चेयरमैन सरस्वती खेतवाल, दर्ज़ा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, एसडीएम नवाज़िश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल, सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य, नितिन कार्की आदि उपस्थित थे।


