देहरादून—   उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद आंदोलनकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोमवार को मुख्यमंत्री कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को नमन किया।

Advertisement

इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण किसी सामान्य प्रशासनिक निर्णय का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, जनआंदोलन, त्याग और असंख्य बलिदानों की गौरवगाथा है।

पृथक राज्य की मांग को लेकर मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों और समाज के हर वर्ग ने ऐतिहासिक आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका।

26 वर्षों की विकास यात्रा, आगे बढ़ने का संकल्प

सीएम धामी ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने के साथ उत्तराखंड विकास की नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। इन वर्षों में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है।

रोजगार और पलायन पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और पलायन की चुनौती को कम करना सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।

See also  उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस :- महानगर कांग्रेस ने मनाई 26वी वर्षगांठ,,, केक काटकर दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ,,।

उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को आत्मनिर्भर, सशक्त और देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

शहादत को सलाम, संकल्पों को अंजाम देने की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन संघर्षों और बलिदानों को याद करने का दिन भी है, जिनकी बदौलत उत्तराखंड अस्तित्व में आया। शहीद आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप ऐसा प्रदेश बनाना, जहां युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिलें, गांवों में सुविधाएं पहुंचें और हर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े, सरकार की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

You missed