भीमताल– उत्तराखण्ड के भीमताल में गाय के गोठ में घुसकर गाय को मारने वाला गुलदार हुआ पिंजरे में कैद। रविवार रात को ही गुलदार को रैस्क्यू सेंटर शिफ्ट कर दिया गया।
नैनीताल जिले में भीमताल के पांडेय गांव से लगे जिप्टी करकोटक क्षेत्र में एक गुलदार ने पिछले दिनों गाय के गोठ में घुसकर गाय को मौत के घाट उतार दिया था।
ग्रामीण इस घटना के बाद दहशत में थे और गुलदार को पिंजरे में कैद करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की नाराजगी देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिगत वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया। रविवार रात गुलदार पिंजरे में कैद हो गया।
क्षेत्रीय रेंज ऑफिसर विजय मेलकानी ने बताया कि ये 8 से 9 वर्षीय मादा गुलदार है। दो दिन पूर्व इसने एक गौशाला में घुसकर गाय को मार डाला।
विभाग में उच्च स्तर से अनुमती मिलने के बाद वहां पिंजरा लगाया गया। दीवाली की रात मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई, जिसे रात में ही रानीबाग स्थित रैस्क्यू सेंटर शिफ्ट कर दिया गया। गुलदार के पकड़े जाने से बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।


