हल्द्वानी— प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक वॉकवे मॉल में संपन्न हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा और संचालन प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने किया।
बैठक में प्रदेश भर के पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्रों के व्यापारियों की समस्याएं रखीं। प्रमुख रूप से जीएसटी विभाग, मंडी समिति, तहसील, जिला विकास प्राधिकरण, खाद्य विभाग सहित कई विभागों में खुलेआम रिश्वतखोरी और व्यापारियों को डराने-धमकाने के मुद्दे उठाए गए।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा ने कहा कि भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करने के लिए सभी व्यापारियों को एकजुट होकर बिगुल फूंकना होगा। इसके लिए जरूरत पड़ी तो विजिलेंस और उच्च न्यायालय की मदद भी ली जाएगी।
उन्होंने सभी जिला और नगर पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं, प्रत्येक व्यापारी की समस्या का निराकरण करें और संगठन को मजबूत करें।

बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित प्रकाश हरबोला, रमेश बिष्ट, नीरज शारदा, संजय अग्रवाल, भुवन तिवारी सहित कई दर्जन पदाधिकारी मौजूद रहे।
