Spread the love

उत्तराखंड—  सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 16 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस व राहत दल ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर आ रही बस शांतिकुंज गेट नंबर-3 के पास सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान रायवाला की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जबकि डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा।

हादसे के समय बस में 45 से अधिक यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद कई यात्री उसके नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली महिला राजस्थान के नागौर जिले की निवासी थी। वह अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार आई थी।

घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

See also  रवि गुप्ता बने , राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी, गौसेवा संघ के उत्तराखंड प्रभारी।

Spread the love

You missed