हल्द्वानी– शहर के मुखानी क्षेत्र स्थित KVM स्कूल परिसर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब केवीएम स्कूल बिल्डिंग में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
शाम करीब 7 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल की बहुमंजिला इमारत धू-धूकर जलने लगी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है आग की चपेट में स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आ गईं हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने आग की भयावहता को देखते हुए मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें दूर-दूर से देखा जा सकता था। घटना के समय स्कूल परिसर में किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
फिलहाल प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
