
हल्द्वानी— एमआईईटी कुमाऊँ, हल्द्वानी में भारतीय शिक्षण मंडल के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इनोवेशन” सिम्पोज़ियम का सफल समापन विभिन्न शैक्षणिक एवं नवाचार गतिविधियों के साथ हुआ।
दो दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विविध आयामों पर सक्रिय सहभागिता निभाई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वोडाफोन इंडिया के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट श्री सुदीप पंत रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नवाचार करते समय केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि उन हितधारकों पर भी ध्यान देना आवश्यक है, जिनके लिए समाधान विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 12 से 25 वर्ष की आयु नवाचार एवं उद्यमिता के अनुभव प्राप्त करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है तथा इस आयु में प्राप्त अनुभव युवाओं को जीवन में सफलता की ओर अग्रसर करते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. चेतन नेगी, प्रोफेसर, जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर तथा विशेष अतिथि के रूप में डॉ. आशुतोष भट्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बी.एस. बिष्ट, निदेशक डॉ. तरुण कुमार तथा एसीआईसी देवभूमि फाउंडेशन के सीईओ डॉ. कमल रावत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समापन दिवस पर आयोजित शोध पत्र प्रस्तुति सत्र में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी (एचएनबीएमयू), देहरादून तथा एमआईईटी कुमाऊँ के शोधार्थियों ने कृषि, स्वास्थ्य एवं कॉरपोरेट क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अनुप्रयोगों पर आधारित शोध पत्र प्रस्तुत किए।
सत्र की अध्यक्षता डॉ. विभु जेटली ने की। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए श्रीमती हेमा नेगी को “बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एआई इनोवेशन चैलेंज में ग्राफिक एरा हल्द्वानी कैंपस, अमरपाली यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल तथा एमआईईटी कुमाऊँ के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एमआईईटी कुमाऊँ के विशाल एवं टीम ने 11,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। ग्राफिक एरा हल्द्वानी कैंपस के सुमित एवं टीम को 5,100 रुपये का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल के जगदीश एवं टीम को 2,100 रुपये का तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। वहीं एमआईईटी कुमाऊँ के गौरव एवं टीम तथा अमरपाली यूनिवर्सिटी के यशोवर्धन एवं टीम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। दो दिवसीय सिम्पोज़ियम का समापन ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं नवाचार-केन्द्रित वातावरण में संपन्न हुआ।
