उत्तराखंड–  बैंक से करोड़ों रुपये का लोन पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। CBI की एंटी करप्शन ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा के प्रबंधक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और रकम जारी करने के बदले ग्राहक से 9 लाख रुपये यानी कुल लोन राशि का पांच प्रतिशत कमीशन मांगा गया था।

50 हजार की रिश्वत लेते एजेंट गिरफ्तार–

CBI के मुताबिक, क्लेमेंट टाउन निवासी आशीष बंबा ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा में संपत्ति के बदले 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और तीन निजी डायरेक्ट सेलिंग एजेंटों ने लोन पास कराने के एवज में 9 लाख रुपये की मांग की थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद दे चुका था। इसके बाद बाकी रकम के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोपियों के कहने पर उसने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए थे। शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी।

CBI ने बिछाया जाल, मैनेजर भी गिरफ्तार–

शिकायत मिलने के बाद CBI ने 18 नवंबर की देर शाम जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान निजी एजेंट नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और दूसरे एजेंट नीरज राय को भी गिरफ्तार किया गया।

See also  मुख्यमंत्री आज बिंदुखत्ता में,,, लोकथात महोत्सव में करेंगे शिरकत,,।

CBI ने तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों की तलाशी लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद की है। मामले में चौथे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

CBI ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 7A के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

You missed