हल्द्वानी-काठगोदाम – मंगल पड़ाव में प्रस्तावित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के संबंध में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम के व्यापारियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में व्यापारियों के सुझावों एवं उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि हमारा प्रयास है कि मंगल पड़ाव में प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण एवं भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाए।
व्यापारियों के सहयोग और सुझावों के आधार पर ही बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम शहर के विकास के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के हितों और सुविधाओं के प्रति भी प्रतिबद्ध है।
महापौर जी ने कहा कि व्यापारियों और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी विषयों का सकारात्मक समाधान निकालना हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में नगर आयुक्त श्रीमती असीमा गोयल सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
