
लालकुआं— नगर पंचायत लालकुआं में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में 25 से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से ध्वनि प्रदूषण एवं वायु प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि क्षेत्र में प्रदूषण से संबंधित शिकायतों को लेकर सेंचुरी पेपर मिल प्रबंधन को बैठक में बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा जाएगा।
बैठक में इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) के लिए भूमि उपलब्ध कराने, अग्निशमन कार्यालय की स्थापना, राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित भूमि पर शौचालय निर्माण, नगर क्षेत्र में फूड स्ट्रीट/कम्प्लेक्स निर्माण, स्वच्छता अभियान को और मजबूत करने, सफाई कर्मियों को ड्रेस वितरण, तथा नगर में सौंदर्यीकरण कार्य जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।

अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए बोर्ड लगातार कार्य कर रहा है और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में नगर पंचायत के सभासदों और संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया।
