देहरादून—   खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन समारोह आज देहरादून में आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या शामिल हुईं। इस दौरान खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेल मलखंब एवं योग की शानदार प्रस्तुति दी।

Advertisement

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए सशक्त मंच बन चुका है। न्याय पंचायत स्तर से राज्य स्तर तक आयोजित इस प्रतियोगिता से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में 2.19 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जो 2026 में बढ़कर 3.17 लाख हो गई। इस वर्ष कुल 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया।

खेल महाकुंभ-2026 में कुल 32 खेल विधाओं को शामिल किया गया। न्याय पंचायत स्तर की 662, विधानसभा स्तर की 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर की 8 प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिला। इसमें पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक एवं ओलंपिक खेलों को भी स्थान दिया गया।

खेल मंत्री ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को कुल 11.50 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को न्याय पंचायत, विकासखंड, जनपद और राज्य स्तर पर निर्धारित पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। राज्य स्तर के प्रतिभागियों को ट्रैकसूट, खेल किट, जूते एवं भोजन की सुविधा भी दी गई।

रेखा आर्या ने कहा कि आज खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं रहे, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, सम्मान और बेहतर भविष्य के अवसर भी खोल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर क्षेत्र की प्रतिभा को उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें।

See also  आईपीएस बने नैनीताल के एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र,,,, सीएम धामी और डीजीपी दीपम सेठ ने कंधों पर लगाए सितारे,,।

समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, उपाध्यक्ष राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद कुंदन लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, जिलाधिकारी आशीष चौहान, सीडीओ अभिनव शाह, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उपनिदेशक नीरज गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

You missed