Spread the love

लालकुआं—  नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में होली के दिन मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने जबरन दुकान खुलवाने को लेकर विवाद किया और विरोध होने पर घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आए दामाद का अंगूठा कट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार बिंदुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश होली के दिन अपने चाचा के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान कंचन पांडे, मुन्ना पांडे, हरीश पांडे और राहुल बिष्ट समेत कुछ लोग वहां पहुंचे और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया और घर में घुसकर धारदार हथियार से वार कर दिया।

हमले के दौरान प्रेम प्रकाश के दामाद सागर आर्य जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका अंगूठा कट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। घटना में एक अन्य व्यक्ति के सिर में भी गंभीर चोट आई है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से किया गया। उनका कहना है कि आरोपी योजना बनाकर मौके पर पहुंचे और हमला करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत भी चल रही है। बताया जा रहा है गंभीर जानलेवा हमले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं

See also  हल्द्वानी की बेटी-- CBSE टॉपर अरीना रघुवंशी को सीएम धामी ने दी बधाई,,,,

Spread the love

You missed