देहरादून—   दशहरे की पूर्व संध्या पर देहरादून के राजपुर रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजपुर थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। वीआईपी मानी जाने वाली व्यस्ततम राजपुर रोड पर हुए इस हादसे से यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने थानाध्यक्ष को मौके से भागने नहीं दिया।

Advertisement

महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि शैंकी कुमार शराब के नशे में धुत थे और वर्दी में भी नहीं थे, बावजूद इसके स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचान लिया।

घटना का वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही प्राप्त शिकायत पत्र के आधार पर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी को निर्देशित किया है कि आरोपी अधिकारी व अन्य संलिप्त व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाए और घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी को सुरक्षित रखते हुए निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाए।

इस बीच, उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल, जो वर्तमान में कालसी थाने में तैनात थे, को राजपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

देहरादून पुलिस महकमे में इस शर्मनाक प्रकरण ने ना केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि दशहरे जैसे संवेदनशील समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा की हैं।

You missed