Spread the love

नैनीताल/हल्द्वानी—  जिले में राजस्व वसूली को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। सोमवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित विभागवार मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी Lalit Mohan Ryal ने राजस्व संग्रह और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और स्टाम्प व आबकारी से जुड़े लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली तय लक्ष्यों के अनुरूप नहीं होती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को न्यायालयों में लंबित मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल्द ही उनके पटलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।

बैठक में अपराधों की रोकथाम को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम, शिक्षा, अभियोजन और समाज कल्याण विभाग को POCSO Act और NDPS Act के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

डीएम ने तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण करने पर जोर देते हुए तहसील स्तर के अधिकारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

इस दौरान हाल ही में आंधी-तूफान के कारण कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज स्थित वनग्राम रिंगोड़ा निवासी कानू उपाध्याय की पेड़ गिरने से हुई मृत्यु पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुआवजा देने के निर्देश उपजिलाधिकारी रामनगर को दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए।

See also  नैनीताल : हेड़िया स्कूल जहां शिक्षक गायब-- वहां CDO बने गुरुजी,,,,,

सड़क हादसों की रोकथाम के लिए डीएम ने सूखे और जर्जर पेड़ों को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड(UPCL) के अधिकारियों को झूलते विद्युत तारों को शीघ्र ठीक कराने के लिए भी कहा, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love