
रुद्रपुर— ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन इंडिया (रजि.) द्वारा आगामी 3, 4 एवं 5 फरवरी 2026 को संपन्न होने वाले उत्तराखंड रुद्रपुर महोत्सव हेतु फाउंडेशन की टीम द्वारा मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र-गोवा भगत सिंह कोश्यारी को औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किया गया।
दोनों ने कार्यक्रम के उद्देश्य की सराहना करते हुए निमंत्रण को सौहार्दपूर्वक स्वीकार किया तथा महोत्सव में उपस्थिति दर्ज कराने का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने, शहीद परिवारों के सम्मान, पर्यावरण जागरूकता तथा महिला सशक्तिकरण हेतु ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।

उत्तराखंड की 25 वर्ष पूरे होने पर रजत महोत्सव के रूप में कार्यक्रम को आयोजित करने के उपलक्ष में एनजीओ के सदस्यों को बधाई दी।
वहीं भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि रुद्रपुर की सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी, सदैव उत्तराखंड की पहचान रही है।
कार्यक्रम की थीम उत्तराखंड के गौरव के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में,स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत जी की स्मृति, शहीद सैनिक परिवार सम्मान, आंदोलनकारियों के सम्मान, महिला सशक्तिकरण और एनवायरनमेंट अवेयरनेस पर आधारित रहेगी।
निमंत्रण पत्र भेंट करने के दौरान रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा, फाउंडेशन के फाउंडर मेंबर दीपक पांडे, संरक्षक कमलेंद्र सेमवाल, एवं मीडिया प्रबंधन प्रभारी मयंक श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
