Spread the love

देहरादून— उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

खराब मौसम को देखते हुए देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है। पिछले 24 घंटों में मसूरी में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।

बारिश और भूस्खलन के चलते देहरादून के कालसी-चकराता मार्ग सहित कई सड़कों पर यातायात प्रभावित है। प्रदेश के 10 जिलों की कुल 99 सड़कें बंद हैं। सबसे ज्यादा 25 सड़कें चमोली, 15 पिथौरागढ़ और 13 बागेश्वर में बंद हैं।

उधर ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। एहतियात के तौर पर घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है। वहीं यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे पर भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि चारधाम यात्रा मार्गों पर प्रशासन लगातार निगरानी रखे हुए है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अगस्त तक भी कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।


Spread the love

You missed