लालकुआं–  नैनीताल जिले के लालकुआं नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर जुटे लोगों ने आनन-फानन में उसे निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय राजीव कश्यप बाइक से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में जैन ट्रांसपोर्ट के ठीक सामने पंतनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजीव कश्यप बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को नगर के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया।

डॉ. विजय विश्वास ने बताया कि घायल के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।