Spread the love

हल्द्वानी—   मुखानी कोतवाली क्षेत्र के चौफुला निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवशंकर गोस्वामी पिछले दो दिनों से लापता हैं। पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन रविवार देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस के अनुसार उनकी अंतिम मोबाइल लोकेशन ऊधमसिंह नगर जिले के नगला क्षेत्र में मिली है।

रविवार को पुलिस ने शहर से लेकर आसपास के जंगल क्षेत्रों तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ओखलकांडा निवासी तथा वर्तमान में चौफुला में रहने वाले शिवशंकर गोस्वामी 31 जुलाई की सुबह करीब छह बजे घर से बरेली जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसी शाम मुखानी कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि पुलिस की एक टीम अंतिम लोकेशन के आधार पर ऊधमसिंह नगर के नगला क्षेत्र में जांच कर रही है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

इधर, पति के लापता होने से उनकी पत्नी प्रियंका गोस्वामी और बच्चे बेहद परेशान हैं। रविवार को प्रियंका गोस्वामी अपने बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के जनता दरबार में पहुंचीं, जहां उन्होंने पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। इस दौरान वह भावुक होकर दो बार बेहोश भी हो गईं।

See also  'सनातन पर अशोभनीय व्यवहार' के कारण, प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर चाकू से हमला..।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तत्काल एसएसपी से फोन पर बात कर खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कॉल हिस्ट्री और सीसीटीवी फुटेज दिखाई।

फुटेज में शिवशंकर गोस्वामी पटेल चौक क्षेत्र से एक बस में सवार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।


Spread the love

You missed