Spread the love

उत्तराखंड—-  देवभूमि उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बदल रहे मौसम ने जहां पहाड़ों में कड़ाके की ठंड बढ़ा दी है, वहीं मैदानी इलाकों में भी लोगों को सुबह-शाम हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है।

बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मई महीने में भी लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बारिश-बर्फबारी से कांपा उत्तराखंड

मंगलवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान तेजी से नीचे गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों का तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मैदानी इलाकों में भी पारा गिरकर करीब 6.7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को और सुहावना बना दिया। हालांकि धूप निकलने से दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई, लेकिन सुबह और शाम की ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।

येलो अलर्ट जारी — पहाड़ों में बढ़ सकती है मुश्किलें!

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक 6 और 7 मई को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक बदलता मौसम यात्रियों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए चुनौती बन सकता है। खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में सफर करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

See also  लक्ष्य शिक्षा एवं राहत पोस्ट फाउंडेशन ने किया कार्यकरणी का विस्तार,, धर्मवीर लोधी को मिली अहम जिम्मेदारी,,।

इन जिलों में जारी रह सकती है बारिश

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश लोगों को राहत दे सकती है।

11 मई के बाद फिर बदलेगा मौसम!

मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 मई के बीच ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। लेकिन 11 मई के बाद एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं।

हालांकि अगले एक-दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जिससे गर्मी फिर अपने तेवर दिखा सकती है।


Spread the love

You missed