Spread the love

हल्द्वानी—  उत्तराखण्ड के हल्द्वानी के पॉश इलाके सुभाष नगर में शुक्रवार शाम फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित अपने पोते के साथ बाल-बाल बच गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को कमल परमार निवासी सुभाष नगर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि मनीष परिहार नामक व्यक्ति कार से मौके पर पहुंचा और उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की। गोली मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 139/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तुरंत संज्ञान लिया और पुलिस टीम का गठन किया।

एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी मनीष परिहार (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक .32 बोर रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी होना बाकी है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Spread the love

You missed