Spread the love

नैनीताल—    उत्तराखण्ड के नैनीताल समेत कई पहाड़ी क्षेत्रों में रविवार सुबह से हो रही तेज ओलावृष्टि और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।

ठंडी हवाओं और ओलों की वजह से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया। हालांकि स्कूली बच्चों और रोजमर्रा के सामान की सप्लाई करने वालों को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सरोवर नगरी नैनीताल के साथ-साथ भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, खुर्पाताल, मुख्तेश्वर, रामगढ़ और आसपास के इलाकों में देर रात से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज बिजली की गर्जना भी सुनाई देती रही। रविवार सुबह होते ही कई इलाकों में हवा के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई।

ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण ऊंचे पहाड़ी इलाकों में सफेद चादर जैसी स्थिति नजर आने लगी। मौसम में आए इस बदलाव से जहां ठंड बढ़ गई, वहीं फल और फूल की खेती के लिए यह मौसम नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। तेज हवा और ओले दोनों ही फसलों के लिए घातक माने जाते हैं।

अचानक बदले मौसम के कारण कई जगह जनजीवन भी प्रभावित हुआ। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी, जो अब सटीक साबित होती नजर आ रही है।


Spread the love

You missed