उत्तराखंड– नैनीताल जिले में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मौसम चुनौती बढ़ा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने, आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधन तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

डीएम ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के सभी संबंधित खंडों को संवेदनशील मार्गों और स्थानों पर जेसीबी मशीनों तथा गैंग कार्मिकों की तैनाती 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बारिश, भूस्खलन या पेड़ गिरने से सड़कें बाधित होने की स्थिति में मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई करनी होगी।

जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारियों को अपने मुख्यालयों में हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) भी मुस्तैद रहेंगी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित क्षेत्रों में तैनात कार्मिकों और संसाधनों को भी अलर्ट पर रखा जाएगा। आपदा से होने वाले नुकसान की सूचना हर घंटे तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध करानी होगी।

See also  आगामी धनतेरस-दीपावली पर मुकेश बोरा की सौगात,,, तीन दुग्ध समितियों में 3.81 करोड़ की दुग्ध खरीद पर 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित,,।

आपदा कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर

दूरभाष: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181
मोबाइल: 8272080884
टोल फ्री नंबर: 1077

लोगों से अपील– मौसम की चेतावनी को हल्के में न लें

डीएम ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखकर यात्रा करने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित पक्के मकान में रहें तथा पेड़ों के नीचे शरण न लें। खिड़की-दरवाजे बंद रखें और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।

ओलावृष्टि से बागवानी, खड़ी फसलों, खुले में खड़े वाहनों और पशुधन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों को कटी हुई उपज सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुओं को खुले में न बांधने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल के अलावा चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

You missed