Spread the love

उत्तराखंड—  सराय गांव में सोमवार दोपहर उस समय एक परिवार में दहशत फैल गई, जब घर के आंगन में बनी पानी की टंकी के अंदर बड़ी संख्या में सांपों के बच्चे दिखाई दिए। पानी भरते समय टंकी में सांपों की हलचल नजर आने पर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए।

खबर उत्तराखंड में जनपद हरिद्वार के सराय गांव से है घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए परिवार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

सूचना पर स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ तालिब और भोला मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर टंकी से कुल 27 सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी सांप चेकर्ड कीलबैक प्रजाति के हैं, जिन्हें आमतौर पर वाटर स्नेक या पानी का सांप कहा जाता है।

यह प्रजाति विषैली नहीं होती और आमतौर पर तालाबों, नहरों, जलाशयों तथा अन्य जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है। उन्होंने बताया कि सांपों के ये बच्चे करीब एक से डेढ़ सप्ताह के हैं।

संभावना है कि किसी मादा सांप ने सुरक्षित स्थान समझकर टंकी के आसपास अंडे दिए होंगे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं। रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सफल रेस्क्यू अभियान के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


Spread the love