Spread the love

नैनीताल—   कैंची धाम स्थापना दिवस की ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया है।

मामले में नामजद एफआईआर दर्ज होने के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषी कर्मियों के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार कैंची धाम स्थापना दिवस के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी क्रम में उधम सिंह नगर से आए अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद और हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार एक होमस्टे में ठहरे हुए थे।

आरोप है कि दोनों ने ड्यूटी के दौरान अत्यधिक शराब का सेवन किया और नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही स्थानीय लोगों के साथ भी विवाद और मारपीट की सूचना सामने आई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीओ, एसपी और अन्य अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

See also  MBPG छात्रसंघ चुनाव:- एबीवीपी vs एनएसयूआई vs बागी,, क्या फिर निर्दलीय तो नही,,, ?

Spread the love

You missed